डिजिटल डेस्क। एलन मस्क (Elon Musk) की AI कंपनी द्वारा विकसित चैटबॉट Grok एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह बना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में नाम ट्विटर) पर पूछा गया एक काल्पनिक सवाल, जिसने राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।
दरअसल, एक यूजर ने Grok से सवाल किया कि यदि वह भारत का नागरिक होता, तो प्रधानमंत्री के रूप में किसे वोट देता। इस सवाल के जवाब में Grok ने जो प्रतिक्रिया दी, वह अब तेजी से वायरल हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन की बात कही
यूजर के सवाल का जवाब देते हुए Grok ने कहा कि वह Narendra Modi का समर्थन करेगा। इसके पीछे उसने कई कारण गिनाए। AI चैटबॉट के अनुसार, भारत में बुनियादी ढांचे का विस्तार, डिजिटल इंडिया पहल, UPI की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक स्तर पर देश की मजबूत आर्थिक स्थिति इसके प्रमुख कारण हैं।
Grok ने अपने जवाब में यह भी कहा कि 2014 के बाद से इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है, जिसने देश को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में मदद की है।
राहुल गांधी के दृष्टिकोण पर टिप्पणी
अपने जवाब में Grok ने Rahul Gandhi के दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया। AI ने कहा कि राहुल गांधी का फोकस अक्सर कल्याणकारी योजनाओं की आलोचना पर रहता है।
हालांकि, Grok ने क्लियर किया कि रोजगार, तकनीक और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति जैसे परिणामों को देखते हुए उसका झुकाव नरेंद्र मोदी की ओर अधिक है।
साथ ही, उसने यह भी जोड़ा कि यह एक काल्पनिक परिदृश्य है, क्योंकि एक AI होने के नाते उसके पास न तो नागरिकता है और न ही मतदान का अधिकार।
वंशवाद बनाम प्रदर्शन पर AI की राय
Grok ने अपने जवाब में वंशवाद की राजनीति के मुद्दे को भी छुआ। उसने संकेत दिया कि डेटा और प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन ज्यादा महत्वपूर्ण है।
यह उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर गांधी परिवार पर वंशवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधते रहे हैं। Grok के जवाब ने इस बहस को फिर से हवा दे दी है।
यूजर्स के बीच छिड़ी बहस
इस बातचीत के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यूजर्स इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग AI के इस जवाब का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
फिलहाल, यह मामला तकनीक और राजनीति के संगम पर एक नई चर्चा का विषय बन गया है, जहां AI की राय को लेकर लोगों के अलग-अलग मत सामने आ रहे हैं।


