पद्म पुरस्कार के लिए नामांकन शुरू, 15 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

रायपुर। भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक नागरिक एवं संस्थाएं इन पुरस्कारों के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से भारत सरकार ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करती है, जिन्होंने समाज सेवा, कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान दिया है।

विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों को नामांकित करने पर जोर दिया गया है, जो सुदूर वनांचल, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन जिनका योगदान व्यापक स्तर पर सामने नहीं आ पाया है।

भारत सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास ऐसे योग्य और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की पहचान कर उनके नाम पद्म पुरस्कारों के लिए प्रस्तावित करें। नामांकन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत किए जा सकते हैं। नामांकन प्रस्ताव 15 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। पद्म पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है और राष्ट्रपति द्वारा सम्मान समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!