सेल्फी का शौक बना जानलेवा : हसदेव नदी में डूबे 3 दोस्त, रेस्क्यू टीम ने एक का शव बरमाद

जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन छात्र हसदेव नदी में डूब गए. फोटो खींचाने नदी किनारे खड़े युवक का पैर फिसल गया और वह पानी में बहने लगा. उसे बचाने के लिए दो दोस्तों ने भी छलांग लगाई और बचाने का प्रयास किया. हालांकि नदी के तेज बहाव में सभी बह गए. शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक शव बरामद किया है. उसकी पहचान पवन लाल (चिरमिरी निवासी) के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है. बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी फार्मा फर्स्ट ईयर के 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव आए थे. पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू सेल्फी लेने नदी किनारे खड़े हुए थे. इस दौरान एक छात्र का पैर फिसला और वह नदी में बहने लगा. उसे बचाने के लिए पानी में उतरे दो दोस्त भी बह गए.

मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

सूचना पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मौके पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. लगातार बारिश से बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू में काफी मुश्किलें बढ़ गई. रात होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया. शनिवार को दोबरा तलाश शुरू की गई. एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है.

फिलहाल मृतक के परिवार वालों को जानकारी दी गई है. पंचानामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है. वहीं दो लापता छात्रों की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!