SCO Summit 2026: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट 2026 के दौरान पाकिस्तान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने SCO की ग्रुप फोटो को एक्स (X) पर शेयर किया, लेकिन इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजर नहीं आ रहे हैं। तस्वीर को इस तरह क्रॉप किया गया है कि पीएम मोदी का हिस्सा फ्रेम से बाहर हो गया।
पाकिस्तान PMO ने शेयर की क्रॉप की हुई तस्वीर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को एक्स पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में SCO समिट की दो तस्वीरें शामिल थीं। इनमें एक ग्रुप फोटो भी थी, जिसमें राष्ट्राध्यक्षों के साथ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दिखाई दे रहे हैं।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज शरीफ 1 सितंबर 2026 को किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट समिट में राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक ग्रुप फोटो में।” हालांकि, साझा की गई तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्रॉप कर दिया गया। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर पाकिस्तान PMO की पोस्ट को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
PM मोदी ने शेयर की पूरी ग्रुप फोटो
इसके उलट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से SCO समिट की पूरी ग्रुप तस्वीर शेयर की गई। इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी साफ तौर पर मौजूद हैं।
इस तुलना के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के रवैये को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक ही कार्यक्रम की तस्वीर दोनों देशों की ओर से अलग-अलग तरीके से सामने आने को लेकर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
SCO Summit में आतंकवाद पर PM मोदी का कड़ा संदेश
इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने SCO समिट में अपने संबोधन के दौरान आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख दोहराया। उन्होंने किसी देश का नाम लिए बिना कहा कि आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने के साथ-साथ उसकी वित्तीय मदद पर भी रोक लगानी होगी। पीएम मोदी ने कहा, “आतंकवाद से निपटने में दोहरे मानदंडों के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।”
भारत लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद और आतंकवाद को मिलने वाले समर्थन के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहा है। ऐसे में SCO समिट में पीएम मोदी का यह संदेश भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

