आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर। इंटरनेट मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने राजधानी रायपुर में विवाद को गहरा दिया है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है। पन्नालाल पर पहले भी आपत्तिजनक बयान देने के आरोप लगे हैं।

इस विवाद की शुरुआत शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट से हुई, जिसमें हंसराज गोयल नामक व्यक्ति द्वारा भगवान शिव के ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई। इसके तुरंत बाद क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल की तरफ से भी इस पर आपत्तिजनक कमेंट किए गए।

रात को हुआ घेराव

जैसे ही यह मामला सार्वजनिक हुआ, हिंदू संगठनों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार की देर रात बड़ी संख्या में बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अरुण पन्नालाल के आवास के बाहर एकत्रित हुए और कड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।

पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मामले की गंभीरता और बिगड़ते हालात को भांपते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। विवाद के बढ़ने की आशंका को देखते हुए अरुण पन्नालाल के घर के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी और अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इंटरनेट मीडिया पोस्ट की हो रही है तकनीकी जांच

पुलिस अब उन तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स, पोस्ट और कमेंट्स की तकनीकी और कानूनी जांच कर रही है। अधिकारी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर यह विवादित टिप्पणी किस संदर्भ में पोस्ट की गई थी और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर किसी भी धार्मिक विषय को लेकर भड़काऊ सामग्री या आपत्तिजनक टिप्पणी साझा करने से पूरी तरह बचें।

पहले भी जुड़े रहे विवाद से

इससे पहले मई 2025 में पन्नालाल के खिलाफ आजाद चौक पुलिस ने अफवाह फैलाने और सोशल मीडिया पर गलत कंटेंट वायरल करने का मामला दर्ज किया था। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मृतकों की लिस्ट की गलत जानकारी सोशल मीडिया में पोस्ट की. जिसके बाद आतंकी हमले में मारे गए रायपुर के दिनेश मिरानिया के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की थी।

माफी मांग पर पोस्ट डिलीट की थी

दूसरी तरफ अरुण पन्नालाल ने पूरे मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सफाई देते हुए माफी भी मांगी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था “असावधानी के कारण मेरा एक फेसबुक पोस्ट मेरे विचार के विपरीत प्रतीत हो रहा था जिससे मैं खुद सहमत नहीं था। इस गलतफहमी को दूर कर लिया गया है। आहत परिवार ने मेरी माफी को स्वीकार भी कर लिया है. इसके साथ ही मैंने इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!