स्विफ्ट की डिग्गी में शराब का जखीरा; 99 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

सायबर टीम और चिचोला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार की शराब समेत 2.50 लाख का वाहन जब्त

राजनांदगांव (निक पहुना)। नशा उन्मूलन अभियान एवं अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सायबर टीम राजनांदगांव और पुलिस चौकी चिचोला की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 99 बल्क लीटर शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए बागनदी की ओर से चिचोला की तरफ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर सायबर टीम एवं चिचोला पुलिस ने महारू नेताम के ढाबे के सामने औराटोला के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में रखे पांच काई रंग के थैलों से देशी शोले शराब के 400 नग और सीजी अंग्रेजी शराब के 150 नग बरामद हुए। कुल शराब की मात्रा 99.000 बल्क लीटर पाई गई। शराब के संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रूपेश्वर साहू (39 वर्ष), निवासी रामपुर खातूटोला, पुलिस चौकी चिचोला बताया। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 08 आर 0888 को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!