रायपुर। हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 साल से फरार है। सजायाफ्ता कैदी गणेश देवांगन को 23 जुलाई 2008 को 10 दिन के पैरोल पर रिहा किया गया था। उसे तय समय पूरा होने पर वापस केंद्रीय जेल रायपुर में दाखिल होना था, लेकिन वह तय तारीख पर जेल नहीं लौटा और तब से उसका कोई पता नहीं चल सका है। इस मामले में अब कोतवाली थाना पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक की ओर से भेजे गए पत्र और दस्तावेजों के आधार पर की है।
जेल प्रशासन ने मांगी थी फरारी की जानकारी
केंद्रीय जेल रायपुर से 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजा गया था। इसमें बताया गया कि रायपुर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कैदी गणेश देवांगन को 10 दिन के पैरोल पर छोड़ा गया था। उसे 23 जुलाई 2008 को जेल से रिहा किया गया था, लेकिन पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद भी वह जेल नहीं पहुंचा। कैदी का पता पुरानी बस्ती क्षेत्र के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक का बताया गया है, हालांकि थाना सीमा और मूल केस की जानकारी के आधार पर मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का निकला।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जुड़ा है मामला
जेल अधीक्षक ने अपने पत्र में फरार कैदी की ताजा जानकारी और एफआइआर की कॉपी उपलब्ध कराने को कहा था। पत्र में यह भी लिखा गया कि मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जुड़ा है, इसलिए कार्रवाई को प्राथमिकता दी जानी है। केंद्रीय जेल से मिले पत्र के आधार पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने 18 साल से फरार कैदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने और जेल भेजने की चुनौती है।

