सड़क किनारे टहलता दिखा दुर्लभ ‘सफेद भालू’, राहगीरों ने बनाया वीडियो….

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। ​मरवाही वनमंडल के पेंड्रा वन परिक्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद भालू चर्चा और भय का विषय बना हुआ है। ताजा मामला कुदरी गांव का है, जहां सड़क किनारे चहलकदमी करते इस अनोखे भालू को राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भालू सड़क पार कर पहाड़ी (डोंगरी) की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सफेद भालू कोई नया मेहमान नहीं है, बल्कि पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में इसका बसेरा है। सूरज ढलते ही यह अक्सर जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच जाता है और कुछ देर बाद वापस पहाड़ी की ओर लौट जाता है।

अन्य गांवों में भी दस्तक

इस भालू की चहलकदमी सिर्फ कुदरी तक सीमित नहीं है। बीते 26 और 27 अक्टूबर की शाम को इसे गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के नजदीक देखा गया था। इससे पहले 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द और करीब पांच महीने पहले आमादांड गांव में भी ग्रामीणों ने इसी सफेद भालू को देखने का दावा किया था।

​गश्त बढ़ाने की मांग, अलर्ट जारी

अलग-अलग गांवों में लगातार भालू की मौजूदगी से किसान और राहगीर खौफजदा हैं। लोगों ने वन विभाग से शाम के समय गश्त बढ़ाने और भालू की लोकेशन ट्रैक करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में वन अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही जांच दल को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। साथ ही, ग्रामीणों को शाम के वक्त अकेले जंगल की तरफ न जाने की हिदायत दी गई है।

एल्बिनिज़म या ल्यूसिस्टिक भालू

बता दें कि कुदरी गांव के पास नजर आने वाला सफेद भालू अन्य भारतीय स्लॉथ बीयर (Sloth Bear) की तरह काले भालू ही है, बस आनुवंशिक स्थिति (एल्बिनिज़म या ल्यूसिस्टिक) के कारण इसके शरीर में मेलिनन पिगमेंट की कमी होने की वजह से इसका रंग काला होने के बजाय सफेद नजर आ रहा है. इस तरह से सफूद भालू मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन्यजीव अभ्यारण्य और मरवाही के घने जंगलों में देखे गए हैं.

देखिए वीडियो –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!