जगदलपुर. जगदलपुर में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव एक परिवार की खुशियां छीन ले गया. बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल खासपारा में रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि युवती पिछले तीन वर्षों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और लगातार प्रयास कर रही थी. इस वर्ष भी उसने परीक्षा दी थी और हाल ही में घोषित हुए परिणाम से वह बेहद निराश थी.
परिजनों के मुताबिक रिजल्ट देखने के बाद से वह तनाव में थी, हालांकि रात तक परिवार के साथ सामान्य रूप से मौजूद थी. रात करीब साढ़े तीन बजे जब उसकी मां कमरे में पहुंची तो बेटी फंदे पर लटकी मिली. परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को घर से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें परीक्षा परिणाम को लेकर निराशा और अपेक्षाओं का दबाव झलक रहा है. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते मानसिक दबाव और युवाओं पर सफलता की अपेक्षाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक रिजल्ट ने सिर्फ एक छात्रा का सपना नहीं तोड़ा, बल्कि एक परिवार की दुनिया भी उजाड़ दी.

