लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस…

रायपुर। राजधानी रायपुर के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के साथ रहने वाले छात्र को हिरासत में ले लिया है।

घटना मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। मृतका भारती नेताम (19) पिता रतिराम नेताम, मूल रूप से कांकेर जिले के कोकपुर की रहने वाली थी। वह रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी और पिछले 6-7 महीनों से कोंडागांव के रावतपुरा सरकार महाविद्यालय के छात्र सावंत बघेल के साथ बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में लिव-इन में रह रही थी।

मृतका की बहन ने किया खुलासा

मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि सावंत बघेल किसी अन्य के संपर्क में होने के संदेह में अक्सर भारती के साथ मारपीट करता था। भारती ने एक दिन पहले फोन करके बताया कि सावंत ने फिर मारपीट की है। वह कोकपुर लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं है, तब उसने ऑनलाइन 3 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। इसके बाद 4 अगस्त की रात उसे फोन से सूचना मिली कि भारती को मेकाहारा इलाज के लिए ले जाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई, जिसके बाद देविका 5 अगस्त को पिता और बहन के साथ रायपुर पहुंची।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

मृतका की बांयी आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और ठुड्डी पर चोट के साथ ही खून जमने के निशान मिले हैं। आरोप लगाया गया है कि सांवत ने ही भारती की हत्या की है। देविका की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!