पत्नी ने जहर खाकर दी जान, पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या….

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी के जहर सेवन करने के बाद पति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही पत्नी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पूरा मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लीचीरमा का है। बताया जा रहा है कि 16 नवंबर को पत्नी सुखमनिया ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इधर, पत्नी की गंभीर हालत के बीच पति साखी राम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इस बीच अंबिकापुर के निजी अस्पताल में उपचाररत पत्नी सुखमनिया ने भी दम तोड़ दिया।

शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर विवाद हुआ था। बेटे के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, पत्नी के जहर सेवन और पति की आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। एक ही परिवार में हुई इस दोहरी मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!