धमतरी। जिले से लगे संबलपुर नेशनल हाइवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां पर रायपुर से डेडबॉडी लेकर निकली संजीवनी एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी. इस हादसे में एक महिला नर्स की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें धमतरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक नर्स की पहचान शबनम खान के रूप में की गई है. ये हादसा इतना भयानक था कि जिसने भी इसे देखा उसकी रूह कांप उठी. जानकारी के अनुसार, जगदलपुर महारानी अस्पताल से संजीवनी एंबुलेंस में एक मरीज को रायपुर के एसएमसी अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद मृतक के शव कोएंबुलेंस में लेकर जाया जा रहा था. इसी दौरान ये हादसा हो गया.
नर्स एंबुलेंस में फंस गई
संजीवनी एंबुलेंस धमतरी के संबलपुर नेशनल हाइवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली मे जा घुसी. हादसे मेें एंबुलेंस में सवार महिला नर्स शबनम खान की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें हल्की चोट लगी हैं. एंबुलेंस का सामने का हिस्सा ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर पूरी तरह से दब गया. इससे नर्स वाहन में ही फंस गई.
नर्स के शव को जिला अस्पताल ले जाया गया
नर्स को निकालने में काफी समय लग गया. उसको काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस से निकाला गया, लेकिन उसने मौके पर दम तोड़ दिया. इस हादसे की सूचना मिलते ही 108 वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा समिति के खिलावान साहू मौके पर पहुंचे. नर्स के शव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा.
हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज जिला अस्पताल मे चल रहा है. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है.

