दर्दनाक हादसा: दोस्तों के साथ डैम नहाने गए युवक की डूबने से मौत….

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पोड़ीखुर्द डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान हर्ष कश्यप के रूप में हुई है. वह दोस्तों के साथ डैम पहुंचा था. घटना के दौरान युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम ने तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया.

अंबिकापुर से नहाने पहुंचे थे चार दोस्त

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से चार दोस्त दो बाइक पर सवार होकर सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत पोड़ीखुर्द स्थित डैम में नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान हर्ष कश्यप नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. युवक को  मुसीबत में देखकर उसके तीनों दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वे उसे सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब नहीं हो सके.

घटना के बाद मामले की सूचना दरिमा पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की. हालांकि, डेम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसका शव तत्काल नहीं मिल पाया. इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया.

 SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव

 

सूचना मिलने पर SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया. टीम ने काफी मशक्कत के बाद हर्ष कश्यप के शव को पानी से बाहर निकाला. घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है. फिलहाल दरिमा पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!