रायपुर. रायपुर ग्रामीण में राखी थाना के प्रोविजनल एसआई महेश कुमार ओगरे के खिलाफ अवैध वसूली मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है. जबरन दबाव बनाकर पैसे ऐंठने की शिकायत पर जांच के बाद एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की है. निलंबन अवधि के दौरान एसआई का मुख्यालय पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण निर्धारित किया गया है.
आदेश के मुताबिक, प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे थाना राखी के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे. इसी दौरान उनके खिलाफ जबरन दबाव बनाकर अवैध वसूली करने और पैसे ऐंठने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई.
शिकायत की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि महेश कुमार ओगरे ने पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण नहीं किया और अपने पद का अनुचित उपयोग किया. इसे गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ आदेश जारी किया है.


