बिलासपुर। जिले में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। चरित्र शंका में पति ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के रिसदा गांव की है।
बताया जा रहा है जीवन नोरगे को पत्नी सरस्वती नोरगे के चरित्र पर लंबे समय से शक था। अक्सर इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। आज इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान आक्रोशित जीवन नोरगे ने घर में रखे कुल्हाड़ी से पत्नी सरस्वती पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आरोपी जीवन के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
कोरबा में भी पति ने की पत्नी की हत्या
कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में भी एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद उसने पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और वारदात के बाद कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार, बुंदेली निवासी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या की है। प्रारंभिक जानकारी में चरित्र संदेह को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना के वक्त घर पर बच्चों की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। आरोपी गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी और देखरेख का काम करता था, जहां वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा।


