नामांतरण का फाइल गुमने पर युवक का अनोखा प्रदर्शन : अधिकारी के टेबल पर फेंका बादाम, कहा – याददाश्त तेज करिए…

बिलासपुर। तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक ने अपनी समस्या को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। युवक तरुण साहू ने उप संपदा अधिकारी के टेबल पर बादाम बिखेर दिए और कहा कि याददाश्त तेज करने के लिए बादाम लाया हूं, ताकि विभाग मेरी गुम फाइल को याद कर सके। वहीं इस मामले में गृह निर्माण मंडल ने कार्रवाई करते हुए एलपी बंजारे कार्यपालन अभियंता ( प्रभारी संपदा अधिकारी) एवं संबंधित काॅलोनी प्रभारी पूनम बंजारे वरिष्ठ सहायक (प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक) को आगामी आदेश पर्यंत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल मुख्यालय पर्यावास भवन, नवा रायपुर अटल नगर, संपदा शाखा में उनके मूल पद पर संलग्न किया है।

दरअसल, मामला नामांतरण से जुड़ा हुआ है। तरुण साहू ने करीब एक साल पहले रिसेल में EWS फ्लैट खरीदा था, लेकिन आज तक उसे नामांतरण के दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं। युवक का आरोप है कि विभाग उसकी फाइल गुम होने की बात कहकर लगातार टालमटोल कर रहा है।

पीड़ित युवक का कहना है कि पिछले एक साल से वह लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि फाइल नहीं मिल रही है। परेशान होकर उसने यह अनोखा तरीका अपनाया, ताकि उसकी समस्या पर ध्यान दिया जा सके। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। युवक ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की थी।

error: Content is protected !!