राजनांदगांव। शहर के लखोली बैगापारा मेन रोड पर युवक को रोककर गाली-गलौज करते हुए चाकू और पत्थर से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और पत्थर भी बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की शाम करीब 4.30 बजे आहत अपने साले के साथ लखोली स्थित उसके ससुराल जा रहा था। इससे पहले दोनों पेण्ड्री अस्पताल गए थे, जहां उसके साले की पत्नी की डिलीवरी हुई थी। वापस लौटते समय लखोली बैगापारा मेन रोड पर पीयुष बाघमारे, दीपक वैष्णव, अजय वर्मा और करण साहू ने उसके साले को रास्ते में रोक लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू व पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने पर घायल को उपचार के लिए तुलसी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/26 के तहत धारा 109(1), 296, 351(3), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पेट्रोलिंग टीम ने घेराबंदी कर पीयुष बाघमारे (24), निवासी राहुल नगर लखोली और दीपक वैष्णव (20), निवासी राजीव नगर लखोली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अजय वर्मा और करण साहू के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चाकू और पत्थर जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले के फरार आरोपी अजय वर्मा और करण साहू की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक वैष्णव के विरुद्ध पूर्व में जुआ एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि पीयुष बाघमारे के विरुद्ध कोतवाली थाने में पूर्व से विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है।

