गाली-गलौज के बाद चाकू से हमला, युवक की मौत, एक अपचारी बालक समेत दो हिरासत में

दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के मठ पारा दुर्ग में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात चाकूबाजी की घटना में देवा चौधरी नामक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक अपचारी बालक भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे मठ पारा निवासी देवा चौधरी अपने कुछ साथियों के साथ बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उनका सामना हुआ। आरोप है कि राह चलते युवकों ने देवा और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद देवा और उसके साथी बाइक से नीचे उतरे और गाली-गलौज करने वाले युवकों से विवाद करने लगे।

चाकू से ताबड़तोड़ हमला

विवाद बढ़ने पर राह चलते युवकों ने देवा चौधरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल देवा को अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक अपचारी बालक बताया गया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!