पानी के तेज बहाव में बहा युवक, एनीकट में मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा, तलाश जारी

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुरा एनीकट में सोमवार दोपहर मछली पकड़ने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21 वर्ष) पिता दसरू निषाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुर एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। पास खड़े तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वे सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि नदी में पानी का बहाव और दबाव अत्यधिक होने के कारण सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू दल तत्काल पानी में नहीं उतर सका। युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के अनुसार, रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर का था।

error: Content is protected !!