मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कामोठे में एक स्कूल बस ड्राइवर ने 3 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की। परिजनों के शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद अन्य बच्चों को अपने-अपने घर पर उतर जाने के बाद 3 साल की बच्ची वैन में अकेली रह गई थी। आरोपी ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए बच्ची का यौन उत्पीड़न किया।
पेट दर्द की शिकायत के बाद हुआ खुलासा
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब घर पहुंची बच्ची ने अपनी दादी से पेट दर्द की शिकायत की। इस दौरान बच्ची ने अपनी दादी से बताया कि बस के अंदर ड्राइवर अंकल ने उसे परेशान किया था।
इसके बाद बच्ची के दादी ने तुरंत स्कूल प्रबंधन के सामने यह मामला उठाया और बाद में पुलिस से संपर्क किया। बच्ची के मेडिकल टेस्ट में भी यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
स्कूल प्रबंधन के कर्मचारियों के भी दर्ज किए जाएंगे बयान
यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को पनवेल की एक अदालत में पेश किया गया और शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि जांच के तहत स्कूल प्रबंधन कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें 12 वर्ष से कम उम्र की लड़की के साथ बलात्कार से संबंधित धाराएं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम शामिल हैं।
बुधवार दोपहर की है घटना
पुलिस के अनुसार, लड़की अन्य बच्चों के साथ प्रतिदिन निजी बस से स्कूल आती-जाती थी। बुधवार को दोपहर लगभग 12:30 बजे, ड्राइवर ने कामोठे में किंडरगार्टन और प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को उनके घर छोड़ने के लिए बस ली।
अन्य बच्चों के अपने-अपने गंतव्य पर उतर जाने के बाद, तीन वर्षीय बच्ची ड्राइवर के साथ बस में अकेली रह गई थी। इसी का फायदा उठाकर बस ड्राइवर ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

