तकलीफों से भागने के बजाय समता भाव से करें सामना, अंतर्मन में सुधार से ही सफल होगा जीवन
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। रिश्ते बनाना आसान है, लेकिन उन्हें प्रगाढ़ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास और आत्मचिंतन जरूरी है। हमारा ध्यान अक्सर इस बात पर रहता है कि रिश्ता टूटना नहीं चाहिए, लेकिन उसे बनाए रखने के लिए हम क्या प्रयास कर रहे हैं, इस ओर ध्यान नहीं देते। बने हुए रिश्तों को और मजबूत करने का प्रयास होना चाहिए। यह विचार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य जैन मुनि श्रेयांशप्रभ सागर जी ने जैन बगीचा स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय भवन में नियमित चातुर्मासिक प्रवचन के दौरान व्यक्त किए। मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य जीवन है तो गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन उन गलतियों को सुधारकर आगे बढ़ना चाहिए। व्यक्ति के भीतर स्वयं में सुधार करने का भाव होना जरूरी है। हर चीज, हर क्रिया और हर व्यक्ति हमारे लिए नहीं होता। इसलिए एक समय में एक ही कार्य पर पूरी एकाग्रता और भाव के साथ ध्यान देना चाहिए। ऐसा करने पर सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि बिरली ही ऐसी आत्मा होगी जिसका हर कार्य में मन लगता हो। इसलिए पहले एक कार्य को पूरे मन से करें और उसे पूर्ण करने के बाद ही दूसरे कार्य की ओर बढ़ें। सभी चीजों को एक साथ करने का प्रयास करने के बजाय जिस कार्य को हाथ में लें, उसे पूरी निष्ठा और भावना के साथ पूरा करें।
तकलीफों से भागें नहीं, सामना करना सीखें
मुनि श्रेयांशप्रभ जी ने कहा कि जीवन में तकलीफें आना स्वाभाविक है। उनसे घबराने या भागने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। आखिर व्यक्ति तकलीफों से कब तक भाग सकता है, एक न एक दिन उसका सामना करना ही पड़ता है। कष्टों से भयभीत होने के बजाय उन्हें समता भाव से सहन करना चाहिए, ताकि नए कर्मबंध का कारण न बने।
हर घटना के पीछे छिपा है कोई सार
मुनि श्री ने कहा कि जीवन में घटने वाली हर घटना के पीछे कोई न कोई सार छिपा होता है। उस सार को समझना, उसे पकड़ना और अपने जीवन में उतारना ही वास्तविक सफलता है। हम वर्षों से प्रवचन सुनते आ रहे हैं, लेकिन हमें स्वयं से यह प्रश्न करना चाहिए कि इन प्रवचनों से हमारे भीतर कितना सुधार आया है। उन्होंने कहा कि बाहरी आचरण में सुधार लाना आसान है, लेकिन यदि व्यक्ति अपने अंतर्मन में भी सुधार ले आए तो उसका जीवन वास्तव में सफल और सार्थक हो सकता है। प्रवचन सुनने का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि उस ज्ञान को अपने व्यवहार और जीवन में उतारना होना चाहिए।

