धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में रविवार को धर्मांतरण को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा में कथित अवैध चंगाई सभा का हिंदू जागरण मंच ने जमकर विरोध किया। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल गरमा गया।

दरअसल, टिकरापारा के एक किराए के मकान में चंगाई सभा लगाए जाने की सूचना हिंदू जागरण मंच को मिली थी। आरोप है कि बाहर से 40 से ज्यादा लोगों को बहला फुसलाकर इस मकान में बुलाया गया था। सूचना मिलते ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी बाहर निकल आए और दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते टकराव की स्थिति बन गई।

हिंदू जागरण मंच और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक
हालात बिगड़ते देख जिला पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा, लेकिन हिंदू जागरण मंच और पुलिस के बीच ही तीखी बहस हो गई। संगठन का सीधा आरोप है कि किराए के मकान में चंगाई सभा की आड़ में हिंदुओं का धर्मांतरण कराया जा रहा है। संगठन ने कहा पुलिस जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही इसलिए मजबूरन बहस करनी पड़ी।

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने जांच की बात कही है लेकिन हिंदू संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।

