26,500 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, पांच मोबाइल और दो बाइक जब्त
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। ग्राम मुढ़पार नाला स्थित हनुमान मंदिर के पास बिजली की रोशनी में रुपयों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को डोंगरगढ़ पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की अचानक घेराबंदी से जुआरियों को संभलने का मौका नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 26,500 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, पांच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,26,500 रुपए बताई गई है।
जानकारी के अनुसार 8 सितंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम मुढ़पार नाला स्थित हनुमान मंदिर के सामने कुछ लोग बिजली की लाइट के नीचे बैठकर रुपयों-पैसों का दांव लगाकर ताश से कट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 26,500 रुपए नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 45 हजार रुपए तथा दो मोटरसाइकिल, जिनकी कीमत करीब 55 हजार रुपए आंकी गई है, जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तोषण राम वर्मा (35), देवानंद वर्मा (25), नरेन्द्र कुमार वर्मा (30), मुकेश सिन्हा (26) और अरुण सिन्हा (45) के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

