
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। अंतरराज्यीय अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बागनदी पुलिस और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे शराब तस्कर पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच अपनी स्विफ्ट डिजायर कार को चारभाठा-मोहनपुर के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी लेकर मध्यप्रदेश निर्मित 18 पेटी देशी मदिरा मसाला शराब बरामद की है। शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 9 लाख 98 हजार 100 रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना बागनदी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अलग-अलग चार स्थानों पर बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी की। देर रात देवरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर क्रमांक CG-08 BH-5935 को पहले नाके पर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे नाके का बैरिकेड तोड़ दिया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो तीसरे नाके के पास चालक ने खतरनाक तरीके से यू-टर्न लेकर वाहन को विपरीत दिशा में दौड़ा दिया। पुलिस की लगातार घेराबंदी के बाद आरोपी बागेरक्सा की ओर भागे। चौथे नाके के पास पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने वाहन को चारभाठा-मोहनपुर जंगल की ओर एक बंद रास्ते में ढकेल दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से वाहन को जंगल से बाहर निकालकर न्यू राजस्थानी ढाबा बागनदी के पास तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट से 18 पेटी में 900 पाव, कुल 162 बल्क लीटर मध्यप्रदेश निर्मित देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। शराब की कीमत 98 हजार 100 रुपए तथा स्विफ्ट डिजायर वाहन की कीमत 9 लाख रुपए बताई गई है।
मामले में आरोपी वाहन चालक प्रहलाद एवं उसके एक अन्य साथी के खिलाफ धारा 281, 324, 3(5) बीएनएस, धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट तथा धारा 192 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी प्रहलाद के विरुद्ध पूर्व में भी थाना डोंगरगढ़ में आबकारी एक्ट का मामला दर्ज है।

