तालाब में मिला हाथी शावक का शव;मचा हड़कंप, जांच में जुटी वन विभाग की टीम

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तमनार वन परिक्षेत्र के छैडोरिया गांव के नजदीक स्थित एक तालाब में हाथी शावक का शव मिला। तालाब में हाथी के बच्चे का शव देख ग्रामीणों में चिंता और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह छैडोरिया गांव के कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में पड़े हाथी शावक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।

तमनार क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही

फिलहाल हाथी शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग की टीम मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। तमनार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में शावक की मौत को लेकर वन विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी ली जा रही है।

पीएम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी : एसडीओ

रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि छैडोरिया गांव के पास तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत हुई है। पीएम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया, इस इलाके में लंबे समय से 51 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा था, जिसमें एक हाथी दूसरी जगह चला गया है। इसी दल में हाल फिलहाल में जन्म हुए शावक की मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!