ICC में जय शाह का जलवा बरकरार, दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन नियुक्त

नई दिल्ली। जय शाह रविवार को निर्विरोध रूप से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुन लिया गया। बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में उनके चयन पर मुहर लगी, जहाँ सदस्यों ने तीन साल के एक और कार्यकाल के लिए उनके नाम को मंजूरी दी।

ICC सदस्यों ने लगातार दूसरा कार्यकाल देने के लिए जय शाह का नाम प्रस्तावित करते हुए संगठन में निरंतरता और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया। BCCI के पूर्व सचिव अब दिसंबर 2030 तक ICC चेयरमैन के पद पर बने रहेंगे।

जय शाह ने दिसंबर 2024 में ICC चेयरमैन का पद संभाला था, और उनका पहला कार्यकाल अगले साल दिसंबर में पूरा होने वाला है। इस तरह, उनका दूसरा कार्यकाल दिसंबर 2027 से शुरू होकर 2030 में खत्म होगा। ICC ने कहा कि जय शाह को फिर से नियुक्त करने का फैसला उनके नेतृत्व में बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है।

ICC ने एक बयान में कहा, “यह फैसला जय शाह के नेतृत्व में बोर्ड के भरोसे को दिखाता है। खेल के लिए यह एक अहम मोड़ है, जहाँ वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में बढ़ोतरी और कमर्शियल विकास इसके रणनीतिक रोडमैप के मुख्य हिस्से हैं। क्रिकेट 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में वापसी की तैयारी कर रहा है। हाल ही में, प्रतियोगिताओं के लिए एक व्यापक और दीर्घकालिक कार्यक्रम की घोषणा की गई है, जिससे इसमें ज्यादा लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।”

ICC के संविधान के अनुसार, कोई भी चेयरमैन अधिकतम दो कार्यकाल (हर कार्यकाल तीन साल का) ही पूरा कर सकता है। वहीं, जय शाह ने कहा कि ICC चेयरमैन के पद पर बने रहना उनके लिए एक सम्मान और जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर क्रिकेट को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!