प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंची स्मृति ईरानी, मन की बात सुनकर शुरू होगा बैठकों का दौर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच चुकी हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी रायपुर पहुंचे हैं। दोनों वरिष्ठ नेताओं के आगमन के साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बैठकों और रणनीतिक चर्चा का सघन दौर शुरू होगा। इस दौरे को आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों के साथ-साथ पार्टी के ‘मिशन 2028-29’ की जमीन तैयार करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

‘मन की बात’ से बैठकों का आगाज

बैठकों का सिलसिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से शुरू होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दौरे से पहले ईरानी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों से इंटरनेट मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने को कहा है।

आईटी सेल रखेगा गतिविधियों पर नजर

पार्टी का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की इंटरनेट मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी। उनके हैंडल से साझा सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट या रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इस कवायद को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों तथा मिशन 2028 और 29 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों नेता भाजपा के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों-विधायकों तथा निगम, आयोग और मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों से संवाद करेंगे।

पहले दिन पूर्व विधायकों और सांसदों से चर्चा

रविवार को सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक ईरानी और शम्भू प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके बाद 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक बैठक होगी। 01:30 से 02:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी।

पूर्व पदाधिकारियों से भी मुलाकात

दोपहर 03:30 से शाम 05:00 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों तथा शाम 05:30 से 07:00 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। रात 07:00 से 08:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी।

दूसरे दिन मंत्री और विधायकों से संवाद

सोमवार को सुबह 10:00 से 11:30 बजे तक राज्य के सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक पार्टी सांसदों और 12:30 से 02:00 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक होगी। दोपहर 03:00 से शाम 04:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। शाम 04:30 से 05:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!