जमीन सौदे की कमीशन राशि को लेकर विवाद, युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

चिखली पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई हत्या की गुत्थी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। चौकी चिखली क्षेत्र के दीनदयाल नगर में हुई युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार जमीन खरीदी-बिक्री की कमीशन राशि में हिस्से को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपने साथी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 सितम्बर को चिखली दीनदयाल नगर में हत्या की सूचना मिलने पर चौकी चिखली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रार्थी विकास देवांगन की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार मृतक अर्जुन वाधवानी 2 सितम्बर की रात घर से निकला था और सुबह तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन किए जाने के बाद दीनदयाल कॉलोनी स्थित आरोपी सुनील वर्मा के किराए के मकान में जाकर देखा गया, जहां मकान के पीछे हाल में अर्जुन वाधवानी का शव चादर में लिपटा हुआ मिला। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और पुलिस ने मौके पर ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चौकी चिखली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक दोनों जमीन खरीदी-बिक्री का कार्य करते थे। एक जमीन सौदे में मिली करीब 6 लाख रुपये की कमीशन राशि में आरोपी अपने हिस्से की रकम मांग रहा था। आरोपी का आरोप था कि मृतक द्वारा कई महीनों से रकम देने में टालमटोल की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार घटना के दिन कमीशन राशि को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर लोहे के सब्बल से हमला किया, जिससे अर्जुन वाधवानी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बाद में शव को चादर में लपेटकर मकान के पीछे रखा और घटना में प्रयुक्त सब्बल तथा घटना के समय पहने कपड़ों को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का सब्बल तथा घटना में प्रयुक्त मृतक की कार जब्त की है। आरोपी सुनील वर्मा उर्फ बबलू (29) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!