CG: भारतमाला और डीएमएफ घोटाले के मामले में ईडी का एक्शन, नौ ठिकानों पर दी दबिश

रायपुर। प्रदेश में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरबा और अंबिकापुर समेत विभिन्न जिलों में एक साथ नौ ठिकानों पर दबिश दी।

भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाले और जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की जा रही है। ईडी की टीमों ने सुबह से ही संबंधित लोगों के आवास और कारोबारी प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।

ईडी का एक्शन

जानकारी के अनुसार, धमतरी में कारोबारी दीपेश गांधी के ठिकानों पर ईडी की टीम पहुंची और दस्तावेजों के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई। बताया जा रहा है कि भारतमाला परियोजना में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े मामलों में ईडी पहले से जांच कर रही है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है।

वहीं दुर्ग जिले में डीएमएफ घोटाले से जुड़े पहलुओं की पड़ताल के लिए ईडी की अलग टीमों ने दबिश दी। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जिला खनिज न्यास निधि के उपयोग में कहीं वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। रायपुर में भी कई कारोबारी और परियोजनाओं से जुड़े लोगों के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है।

जिन प्रमुख नामों के यहां जांच की जानकारी सामने आई है, उनमें प्रकाश सालुंगे, शाश्वत लुणावत (किशोर एग्रो, रायपुर) और राजेश गुप्ता (मानसून एग्रो, अंबिकापुर) शामिल बताए जा रहे हैं। कोरबा में भी ईडी की टीम के पहुंचने की सूचना है। जांच एजेंसी संबंधित दस्तावेजों, बैंकिंग लेनदेन और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

उल्लेखनीय है कि भारतमाला परियोजना में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण को लेकर पहले भी कई सवाल उठ चुके हैं। वहीं डीएमएफ फंड के उपयोग को लेकर भी समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं।

error: Content is protected !!