भिलाई। AI का इस्तेमाल अब अपराध में भी होने लगा है। इसका ताजा उदाहरण भिलाई में सामने आया है, जहां दो आरोपितों ने AI की मदद से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर लिया। इस फर्जी आदेश को आबकारी कार्यालय में पेश कर आबकारी प्रकरण में जब्त अपनी बाइक छुड़ाने का प्रयास किया। सत्यापन में आदेश फर्जी मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
आबकारी कार्यालय में पेश किया कूटरचित दस्तावेज
पुलिस के अनुसार 14 नवंबर को जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी 15687 होंडा एचएफ डिलक्स को सुपुर्दनामा पर लेने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।
आबकारी कार्यालय में आदेश की जांच और सत्यापन किया गया तो वह फर्जी और कूटरचित निकला। इसके बाद प्रार्थी भोजराम रत्नाकर की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म, मोबाइल और आदेश जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने AI की सहायता से कलेक्टर के नाम पर फर्जी शासकीय आदेश तैयार करना और उसे आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपितों में जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू 32 वर्ष निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा 40 वर्ष निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर शामिल हैं। दोनों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


