गोवा में केसीनो खुलवाने का झांसा देकर ठेकेदार से ₹1.92 करोड़ की ठगी, 4 पर केस दर्ज

एमपी/ भोपाल। गोवा में केसीनो और रेस्टोरेंट खुलवाकर कारोबार में हिस्सेदारी देने का सपना दिखाकर भोपाल के एक सिविल ठेकेदार से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए गए। आरोप है कि गोवा के मशहूर मैजेस्टिक केसीनो के संचालकों ने निवेश के नाम पर ठेकेदार से करीब 1.92 करोड़ रुपये ले लिए, लेकिन न तो वादे के मुताबिक नया केसीनो-रेस्टोरेंट शुरू कराया और न ही फर्म में हिस्सेदारी दी। रकम वापस मांगने पर भी कोई नतीजा नहीं निकला।

आखिरकार पीड़ित को पुलिस के बजाय अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। करीब दो साल तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट के एफआईआर दर्ज करने के आदेश पर निशातपुरा पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

भरोसे में लेकर ठगी

एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि अयोध्या बायपास स्थित गिरनार वैली निवासी सचिन शर्मा सिविल कांट्रैक्टर हैं। वर्ष 2023 में गोवा घूमने के दौरान उनकी पहचान वहां के केसीनो संचालकों से हुई थी। आरोपितों ने उन्हें उत्तरी गोवा के पोरवोरिम में नया केसीनो और रेस्टोरेंट शुरू करने का प्रस्ताव दिया। इसमें निवेश करने पर कारोबार में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया गया।

रकम लौटाने से किया इनकार

इस प्रस्ताव पर भरोसा कर सचिन ने जून 2023 से अक्टूबर 2023 के बीच आरोपितों को कुल एक करोड़ 92 लाख 56 हजार रुपये दिए। इसमें 20 लाख रुपये नकद भोपाल में निशातपुरा क्षेत्र स्थित बेस्ट प्राइज के पास दिए गए, जबकि शेष रकम बैंकिंग माध्यम से ट्रांसफर की गई। आरोप है कि निवेश लेने के बाद आरोपितों ने न तो पोरवोरिम में प्रस्तावित कारोबार शुरू किया और न ही उन्हें फर्म में हिस्सेदार बनाया। रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया।
पीड़ित ने वर्ष 2024 में भोपाल की अदालत में इस्तगासा दायर किया था। करीब दो साल की सुनवाई के बाद कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद निशातपुरा पुलिस ने श्रीनिवास पांडुरंग, मंजुल अराजो, बलदेव और अमित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
आरोपित गोवा में मैजेस्टिक केसीनो का संचालन करते हैं। पुलिस की टीम अब गोवा रवाना होकर आगे की कार्रवाई करेगी।- अवतार सिंह, एएसआई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!