चक्रवात अकवान ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, पीड़ितों ने की उचित मुआवजा देने की मांग

रायपुर। चक्रवाती तूफान अर्णव के बाद अब अकवान तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान कटाई के बाद छंटाई की प्रक्रिया के बीच बारिश होने से किसानों का काटकर रखा धान भीग गया है। किसान धान को सुखाने और उसकी छंटाई में जुटे थे, लेकिन अचानक मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।

किसानों का कहना है कि बारिश के चलते करीब 50 प्रतिशत धान खराब हो चुका है। लगातार मौसम की मार से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। फसल तैयार होने और कटाई के बाद उसे सुरक्षित रखने के समय बारिश होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

किसानों के मुताबिक, धान भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है, जिससे उपज के सही दाम मिलने की भी चिंता है। किसानों ने शासन-प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है, ताकि मौसम की मार से हुए नुकसान की भरपाई हो सके और उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!