दुबई तक फैला ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला का नेटवर्क! पुलिस के हाथ लगे करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और हवाला कारोबार के खिलाफ पुलिस की जांच अब बड़े वित्तीय नेटवर्क तक पहुंच गई है। सट्टे की रकम का लेन-देन सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों से होते हुए विदेशों तक संपत्ति जुटाई गई. पुलिस की जांच में करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. वहीं दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।

पूरा मामला सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 से जुड़ा है. जांच के दौरान पुलिस को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के जरिए धन हस्तांतरण किए जाने के महत्वपूर्ण तथ्य मिले. इसके बाद 13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के जेवर, महंगी घड़ियां, बैंक से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए गए.

पुलिस के हाथ लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी लगे हैं. इन संपत्तियों के वास्तविक स्वामित्व, आय के स्रोत और लेन-देन की जांच की जा रही है.

दुबई तक फैले नेटवर्क की जांच, आरोपियों का लुकआउट नोटिस जारी

जांच के दौरान विदेशों, विशेषकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. वहीं रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है, ताकि विदेशों में मौजूद संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके.

जांच के घेरे में सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और आकाश गोगा

पुलिस की जांच में सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और आकाश गोगा के नाम सामने आए हैं. फिलहाल पुलिस इनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों के दस्तावेज और विदेशों में निवेश की कड़ियों को खंगाल रही है. मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ और भी खुलासे होने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!