रथयात्रा में साथ नहीं ले जाने पर विवाद, कोरबा में नवविवाहित दंपती ने खाया जहर; इलाज जारी

कोरबा। ग्राम केराकछार में रथयात्रा में साथ नहीं ले जाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद नवविवाहित दंपती ने जहर का सेवन कर लिया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच गई। फिलहाल दोनों का जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि अकील सिंह 23 वर्ष रथयात्रा में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी किरण सिंह 21 वर्ष ने भी साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन अकील ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया और अकेले ही कार्यक्रम में चला गया।

रात में घर लौटने के बाद अगले दिन सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गुस्से में पहले किरण सिंह ने घर में रखा जहर पी लिया। पत्नी के जहर खाने की जानकारी मिलने पर अकील सिंह ने भी आवेश में आकर जहर का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में हड़कंप मच गया। दोनों को तत्काल जिला मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण दोनों की जान बच गई और अब उनकी हालत स्थिर है।

घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मेडिकल कालेज पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में विवाद का कारण रथयात्रा में साथ नहीं ले जाना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया है कि अकील सिंह और किरण सिंह का विवाह लगभग एक वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। किरण सिंह मूल रूप से धरमजयगढ़ क्षेत्र के जमरगीडीह की रहने वाली है और विवाह के बाद से रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम केराकछार स्थित अपने ससुराल में रह रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!