शराबी युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, मासूम बच्चों को आगे कर नेशनल हाईवे पर मचाया हंगामा

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के लवन थाना परिसर के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार 6 अगस्त शाम एक युवक ने तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों को साथ लेकर जमकर हंगामा करने लगा। मिली जानकारी के अनुसार युवक पड़ोसियों से विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था, लेकिन वह अत्यधिक नशे की हालत में था।

ग्राम जुड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर 112 की टीम युवक को लेकर लवन थाने पहुंची थी। पुलिस ने युवक को पहले बच्चों को सुरक्षित घर छोड़ने और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इससे नाराज युवक तीनों बच्चों को लेकर थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा हो गया और आने-जाने वाले वाहनों के सामने हंगामा करने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। जिससे हाईवे के एक हिस्से में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।

पुलिसकर्मियों और उसके परिचितों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बताया जा रहा है कि समझाने पहुंचे एक परिचित के साथ युवक ने हाथापाई कर थप्पड़ भी मार दिया। पुलिस मशक्कत के बाद पुलिस युवक को थाने लेकर आई। लेकिन वह अपने तीनों बच्चों को थाने में छोड़कर वहां से चला गया। इसके बाद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए युवक की मां को गांव से बुलवाया और तीनों मासूम बच्चों को सुरक्षित उनकी दादी के सुपुर्द किया। पुलिस ने बच्चों को अपने वाहन से सुरक्षित ग्राम जुड़ा तक भी पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!