लग्जरी कार से शराब तस्करी; 43 पेटी गोवा व्हिस्की शराब जप्त,दो गिरफ्तार….

राजनांदगांव। जिला  पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लग्जरी विक्टोरियस कार से 2,90000 रुपए से ज्यादा का 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब जप्त किया है,जिसे मध्यप्रदेश में खपाने ले जाई जा रही थी, मौके से इसी के साथ ही दो तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है यह पूरा मामला बागनदी थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की विक्टोरियस कार क्रमांक BL08 TB 7988 में अवैध लाभ अर्जित करने हेतु मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब परिवहन की जा रही है।
सूचना पर थाना बागनदी प्रभारी नंदकिशोर गौतम नेतृत्व में स्टाफ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा द्वारा ग्राम बागनदी चौक में घेराबंदी कर सघन नाकाबंदी की गई। 14 मई की रात्रि लगभग 02:00 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु कार चालक द्वारा नाकाबंदी में लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए पुलिस की अधिकृत स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जान का खतरा उत्पन्न करते हुए तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन भगाने लगा।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी वाहन को अनियंत्रित कर सड़क किनारे गड्ढे में उतार दिया गया, जिसके बाद घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम — करण केंवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी स्मृति नगर चौक, भिलाई जिला दुर्ग, किशन धीवर, उम्र 25 वर्ष, निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कुल 43 पेटी मध्यप्रदेश में बिक्री हेतु अनुज्ञिप्त गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 2150 नग (387 लीटर) शराब पाई गई। जप्त शराब की कीमत लगभग 2,90,250/- रुपये एवं परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई। कुल जुमला मशरूका 15,17,250/- रुपये जप्त किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बागनदी में धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट, धारा 281, 132, 324(3), 324(4) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने शराब को जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार उर्फ सवेन्दर सिंह के लिए ले जाना तथा आमगांव निवासी सोनू द्वारा शराब उपलब्ध कराया जाना बताया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!