पिस्टल, दो कारतूस और 12 लाख की XUV 700 जब्त
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर कार सवार युवक को पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने और गोली चलाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, दो कारतूस और करीब 12 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा XUV 700 कार जब्त की है। जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर की रात अविनाश शेंदरे अपने दोस्तों के साथ दुर्ग से राजनांदगांव लौट रहा था। रात करीब 11 बजे स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर काले रंग की कार में सवार आरोपियों ने वाहन चलाने को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी विपिन जान्वेल्स ने पिस्टल निकालकर अविनाश पर तान दी और जान से खत्म करने की धमकी देते हुए गोली चला दी। साथ मौजूद दोस्तों ने उसका हाथ ऊपर कर दिया, जिससे गोली आसमान की ओर चली गई और बड़ी घटना टल गई।
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 587/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 6 अक्टूबर को घेराबंदी कर विपिन जान्वेल्स (33), अमन जेम्स (22), शेरोन जेम्स (24) और अफरोज खान (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार की। उनके कब्जे से पिस्टल, दो कारतूस और महिंद्रा XUV 700 क्रमांक CG 08 BJ 0001 जब्त की गई। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

