सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, कोर्ट में पेश:सर्व आदिवासी समाज ने की निंदा

अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े लोग कोर्ट परिसर पहुंच गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। दूसरी ओर सर्व आदिवासी समाज ने गिरफ्तारी का विरोध किया है।

पुलिस के अनुसार भाजपा नेता धीरज सिंह की शिकायत पर दो दिन पहले आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के व्याख्याता अकील अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और ऐसी टिप्पणियां करने का आरोप है, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की शिकायत की गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

मामले की जांच के दौरान बुधवार को पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो को हिरासत में लिया और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इसके बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। शाम को पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी की सूचना शहर में तेजी से फैल गई। इसके बाद भाजपा से जुड़े कई लोग कोर्ट परिसर पहुंच गए। हंगामे की आशंका को देखते हुए सीएसपी राहुल बंसल सहित पुलिस बल को परिसर में तैनात किया गया। वहीं सर्व आदिवासी समाज ने आकांक्षा की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराने की बात कही है।

इससे पहले भी आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सीतापुर थाने में एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वर्तमान प्रकरण में पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस विवाद का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आकांक्षा ने धीरज सिंह पर रास्ता रोकने, पीछा करने, धमकाने और जातिसूचक टिप्पणी करने जैसे आरोप लगाए हैं। इस प्रकरण में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद सोशल मीडिया पर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बाद बढ़ा था। इसके बाद दोनों आमने-सामने आए और मामला कोतवाली थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। फिलहाल आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलचल बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!