रक्तदान महाकुंभ में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने रक्तदान कर बनाया वर्ल्ड रिकार्ड…

रायपुर। रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन के तहत रक्तदान महादान महाकुंभ का आयोजन किया गया. आयोजन में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने रक्तदान किया. इनमें करीब 1100 महिलाएं और 2 हजार पुरुष शामिल रहे. बड़ी संख्या में महिलाओं के रक्तदान करने को आयोजन की खास उपलब्धि के तौर पर देखा गया.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. आयुर्वेद सेवा सम्मेलन में रक्तदान के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.

रक्तदान महादान महाकुंभ का आयोजन गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है. इस आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन का आयोजन किया गया है.

सम्मेलन में रक्तदान के साथ-साथ अंगदान और देहदान के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है. इस आयोजन में 31 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया है, जिसमें अनुज शर्मा भी शामिल हैं. सीआरपीएफ और कलेक्टर ने पत्नी के साथ देहदान का संकल्प लिया है.

भारत में प्राचीन काल से ही आयुर्वेद का विशेष महत्व रहा है. केंद्र सरकार ने आयुष मंत्रालय का गठन कर आयुर्वेद को बढ़ावा देने का काम किया है. देशभर में आरोग्य मंदिर बनाए जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ सरकार भी स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में लगातार काम कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!