न OTP आया, न कोई कॉल-लिंक…अनोखी साइबर ठगी, कोचिंग संचालक के खाते से उड़ाए लाखों रुपये

एमपी /ग्वालियर। शहर के आम-खो, विजय नगर इलाके में साइबर अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात (Cyber Fraud) को अंजाम दिया है। यहां रहने वाले कोचिंग संचालक दीपक शर्मा के बैंक खाते से बिना किसी कॉल, SMS या OTP के ₹2.49 लाख निकाल लिए गए।

तीन रातों में खाली हुआ बैंक खाता

ठगी की यह वारदात फरवरी माह में अंजाम दी गई। ठगों ने सुनियोजित तरीके से 20 फरवरी से 22 फरवरी के बीच ठीक रात 11 बजे के बाद यूपीआई (UPI) के जरिए पांच किस्तों में पैसे निकाले। 20 फरवरी को दो बार में ₹1 लाख, 21 फरवरी को ₹50 हजार और 22 फरवरी को ₹99,999 निकाले गए। पीड़ित को इस सेंधमारी का पता तब चला जब काफी देर हो चुकी थी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

पीड़ित दीपक शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने कंपू थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कई महीनों तक थाने और एसएसपी कार्यालय के चक्कर काटने और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद, अब दो महीने की देरी से एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित का मानना है कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होकर खाता फ्रीज कर देती, तो उनकी जमा पूंजी बच सकती थी।

मोबाइल हैकिंग की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि अपराधियों ने पीड़ित का मोबाइल हैक कर लिया था। हैकिंग के जरिए ठगों ने नेट बैंकिंग के लॉगिन आईडी और पासवर्ड का एक्सेस प्राप्त कर लिया। इसी वजह से बिना किसी ओटीपी के पैसे ट्रांसफर करना संभव हो पाया। फिलहाल पुलिस यूपीआई आईडी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

किस दिन और किस UPI आईडी से कितने रुपये निकले

तारीख समय रुपये (₹) यूपीआइ आइडी (UPI ID) / नंबर
20 फरवरी रात 11:21 बजे 50,000 605105553345
रात 11:27 बजे 50,000 605105575374
21 फरवरी रात 11:13 बजे 50,000 605215046906
22 फरवरी रात 11:34 बजे 49,999 60532396894
रात 11:38 बजे 50,000 605324030838
कुल योग (Total): ₹ 2,49,999

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!