त्यौहारों से पहले एक्शन मोड में पुलिस, 150 जवानों ने डोंगरगढ़ में चलाया कॉम्बिंग ऑपरेशन

गली-मोहल्लों से आउटर तक सघन चेकिंग, निगरानी बदमाशों की भी हुई जांच

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में नियमित गश्त, पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 सितंबर को डोंगरगढ़ टाउन क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 150 पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस बल ने डोंगरगढ़ के विभिन्न गली-मोहल्लों, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और आउटर इलाकों में पैदल एवं वाहनों से लगातार पेट्रोलिंग की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक पहलू की बारीकी से निगरानी की गई। पुलिस की व्यापक मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश भी पहुंचाया गया।

निगरानी बदमाशों की भी हुई चेकिंग

अभियान के दौरान थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र के सूचीबद्ध निगरानी बदमाशों और गुण्डा बदमाशों की भी जांच की गई। पुलिस ने उन्हें कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा असामाजिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त समझाइश दी। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी निगरानी

त्यौहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, आयोजन स्थलों, विसर्जन मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार पैदल पेट्रोलिंग, वाहन गश्त, नाकाबंदी और आकस्मिक चेकिंग को प्रभावी बनाया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट और गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रख रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कॉम्बिंग गश्त अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज, डीएसपी लाइन विंध्यराज, डीएसपी सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहारों को शांति, संयम और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस 24 घंटे मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!