एसपी अंकिता शर्मा ने समितियों के साथ की बैठक, बड़े व संवेदनशील पंडालों में तैनात होंगे ‘पंडाल पुलिस मित्र’
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने जिला पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में शहर की 70 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक, साइबर डीएसपी सहित शहर के सभी थाना प्रभारी एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने समितियों से अपील की कि धार्मिक आस्था के इस पर्व को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
‘वन कॉप-वन पंडाल’ से बढ़ेगी सुरक्षा
गणेश उत्सव के दौरान पुलिस की विशेष पहल “One Cop – One Pandal” लागू की जाएगी। इसके तहत बड़े, मध्यम और संवेदनशील गणेश पंडालों में ‘Pandal Police Mitra’ की तैनाती की जाएगी। ये पुलिस और गणेश समितियों के बीच सतत समन्वय का काम करेंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सके।
CCTV, पार्किंग और अग्नि सुरक्षा पर जोर
पुलिस ने समितियों को पंडालों में CCTV कैमरे, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रवेश-निकास के अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग, दर्शन के लिए कतार व्यवस्था और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने को कहा गया। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता हर समय खुला रखने पर विशेष जोर दिया गया।
महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में पहचान योग्य स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
नशा, हथियार और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती
एसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान नशे में उपद्रव, हथियारों का प्रदर्शन, जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने से बचने तथा संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। एसपी ने कहा कि गणेश उत्सव जिले की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान गणेश के दर्शन कर सके। उन्होंने समितियों से पुलिस के साथ आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।


