धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल? टीएस सिंह देव ने कहा- मेरा खुद का 80 एकड़ का रकबा बता रहा शून्य…

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के साथ उसकी खामियां भी सामने आ रही है. किसानों का रकबा शून्य बता रहा है, जिसकी वजह से उन्हें धान बेचने में कठिनाई का सामना करना पड़ेगा. आलम यह है कि प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव तक का 80 एकड़ का रकबा शून्य बता रहा है.

पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने लल्लूराम डॉट कॉम से अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछले साल धान बेचने के बावजूद इस बार उनका लगभग 80 एकड़ खेत का रकबा भी शून्य बता रहा है, क्योंकि पटवारी हड़ताल पर होने के कारण फसल की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर पाए हैं।

टीएस सिंह देव ने राज्य में धान खरीदी व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि धान खरीदी से पहले रकबे की तस्दीक का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है, और कई किसानों का रकबा शून्य दिखाया जा रहा है, जिससे किसान अत्यधिक तनाव में हैं।

उन्होंने लखनपुर जनपद के एक सरपंच का उदाहरण देते हुए कहा कि रकबा शून्य दिखाने और एक लाख रुपए से अधिक का कर्ज होने के कारण वह इतने विचलित हो गए थे कि आत्महत्या तक की बात करने लगे थे। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली की अक्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज स्थिति यह है कि किसान को यह भरोसा ही नहीं बचा है कि कहीं जाने पर उसकी समस्या का समाधान हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!