रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750 का टीजर आउट, जानें इस दमदार एडवेंचर बाइक में क्या-क्या मिलेगा खास

Automobile desk: रॉयल एनफील्ड प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। देश और दुनिया की चहेती मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड ने आखिरकार अपनी मचअवेटेड एडवेंचर टूरिंग बाइक, हिमालयन 750 का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है। इस टीजर के सामने आने के बाद से ही ऑटोमोबाइल बाजार में हलचल तेज हो गई है और बाइकर्स के बीच इसको लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है। कंपनी इस दमदार मशीन को आगामी 3 से 8 नवंबर के बीच इटली के मिलान शहर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित EICMA मोटरसाइकिल शो में दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी में है।

सोशल मीडिया पर जारी किए गए इस छोटे से टीजर वीडियो में बाइक की मस्कुलर झलक साफ देखने को मिल रही है। हालांकि, इसे लेकर चर्चाएं पिछले कुछ समय से गर्म थीं, खासकर तब जब सितंबर महीने में लद्दाख में हुए ‘हिमालयन बेसकैंप’ इवेंट के दौरान इस मोटरसाइकिल को लगभग प्रोडक्शन-रेडी फॉर्म में दिखाया गया था। इसके अलावा, टेस्टिंग के दौरान भी इस बाइक को कई अलग-अलग रंगों में बिना किसी कवर के सड़कों पर दौड़ते हुए देखा जा चुका है, जिससे इसके डिजाइन और बनावट का अंदाजा पहले ही लग गया था।

अगर बात की जाए इस नई मोटरसाइकिल के दिल यानी इसके इंजन और परफॉर्मेंस की, तो रॉयल एनफील्ड इसे अपनी मौजूदा लोकप्रिय बाइक हिमालयन 450 से ऊपर की श्रेणी में रखेगी।
रिपोर्ट्स और ऑटो सेक्टर के जानकारों के मुताबिक, इसमें एक बिल्कुल नया 750cc का एयर और ऑयल-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया जा सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह दमदार इंजन करीब 55 PS की शानदार पावर और 60 Nm का बेहतरीन टॉर्क जनरेट करने में सक्षम होगा, जिसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाएगा। इतने बड़े और ताकतवर इंजन के आने से हाईवे पर लंबी दूरी का सफर तय करना और कठिन रास्तों पर चलना बेहद आसान हो जाएगा, खासकर तब जब बाइक पर भारी सामान और पीछे सवारी भी मौजूद हो।

डिजाइन के मोर्चे पर भी यह बाइक काफी इंप्रेसिव नजर आ रही है। इसमें एक ऊंची विंडस्क्रीन, लंबी दूरी के सफर के लिए बड़ा फ्यूल टैंक, और आरामदायक दो-हीसों वाली सीट मिलने की उम्मीद है। इसके दो अलग-अलग वेरिएंट बाजार में उतारे जा सकते हैं, जिसमें एक वर्जन अलॉय व्हील्स के साथ और दूसरा अधिक ऑफ-रोडिंग पर फोकस करते हुए वायर-स्पोक व्हील्स के साथ आ सकता है। दोनों ही वेरिएंट्स में आगे की तरफ 19 इंच और पीछे 17 इंच के पहिए दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा, राइडिंग को मक्खन जैसा स्मूथ बनाने के लिए फ्रंट में अपसाइड-डाउन (USD) फोर्क्स, रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन और सुरक्षा के लिहाज से दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिल सकते हैं।

फीचर्स के मामले में भी यह बाइक किसी से पीछे नहीं रहने वाली है। चर्चा है कि हिमालयन 750 में गोल आकार का आधुनिक TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जाएगा, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन को सपोर्ट करेगा। इसके अलावा, इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल-चैनल ABS और कई राइडिंग मोड्स जैसे आधुनिक फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि इसमें क्रूज कंट्रोल का विकल्प भी मिल सकता है, जो हाईवे पर लंबी राइड के दौरान राइडर के थकान को कम करने में काफी मददगार साबित होगा।

अब सवाल यह उठता है कि यह धांसू बाइक भारतीय सड़कों पर कब तक उतरेगी? जानकारों का मानना है कि वैश्विक मंच पर पर्दा उठने के बाद, रॉयल एनफील्ड इसे भारत में भी जल्द लॉन्च कर सकती है। कंपनी नवंबर के आखिरी हफ्ते में गोवा में होने वाले अपने चर्चित ‘मोटोवर्स’ (Motoverse) फेस्टिवल के दौरान इसे भारतीय ग्राहकों के सामने पेश कर सकती है। हालांकि, कंपनी की तरफ से अभी तक लॉन्च की पक्की तारीख और इसकी कीमतों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ऑटो बाजार में इस बाइक को लेकर उत्साह चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!