प्रदेश शिक्षक फेडरेशन का ऐलान, प्रदेशभर में निकाली जाएगी आक्रोश रैली, जानिए क्या है मांगें…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने आंदोलन का ऐलान किया है। फेडरेशन प्रदेशभर में 18 नवंबर और 26 नवंबर को आक्रोश रैली निकालेगा। यह रैली प्रदेश के 146 ब्लॉक और 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांत अध्यक्ष राजेश चटर्जी ने बताया कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। फेडरेशन ने सरकार के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। फेडरेशन की पहली मांग है कि प्रदेश के शासकीय सेवकों को केंद्र सरकार के समान जनवरी और जुलाई में 2+3 प्रतिशत की दर से कुल 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) एवं महंगाई राहत (DR) दिया जाए। साथ ही इसकी देय तिथि से एरियर्स का भुगतान भी किया जाए।

दूसरी मांग राजस्व पटवारियों के आंदोलन से जुड़ी है। फेडरेशन ने पटवारियों के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालने और उनके खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को निरस्त करने की मांग की है। प्रांत अध्यक्ष राजेश चटर्जी ने बताया कि इन मांगों को लेकर प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालयों और 146 ब्लॉक में आक्रोश रैली निकाली जाएगी। फेडरेशन ने सरकार से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!