बदमाशों का आतंक: युवकों को मालवाहक से कुचलने की कोशिश, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, घटना कैमरे में कैद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने युवकों को पहले मालवाहक से कुचलने की कोशिश की। इसके बाद पाइप और डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पीटा, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं अन्य की तलाश जारी है।

घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है, जब लिंगियाडीह के रहने वाले आदित्य महंत और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से तेज रफ्तार में आए एक छोटा हाथी मालवाहक ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन से उतरे बांड्या और बऊवा नामक युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके तुरंत बाद अमन नायडू भी वहां अपनी कार से पहुंच गया।

मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल

इन तीनों आरोपियों ने मिलकर आदित्य और रवि पर डंडे-धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे आदित्य के सिर, कान और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि रवि की आंख और पैरों में गंभीर चोटें पहुंची हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों द्वारा घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। निखिल ध्रुव की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और घायलों से पूछताछ कर आरोपी सन्नी उर्फ बउवा अहिरवार, संजय उर्फ संजू विश्वकर्मा, मुकेश उर्फ मुक्की यादव, राहुल उर्फ छोटू यादव और नाबालिग को गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी लिंगियाडीह के रहने वाले हैं। आरोपियों से तलवार भी ज़ब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 331(2) BNS 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!