Tribal Gen Z Outrage March: महाराष्ट्र में आदिवासी विद्यार्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है. मुंबई के शिवाजी पार्क में आज, 25 अक्टूबर 2026 को आदिवासी छात्र संगठनों और युवाओं द्वारा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मार्च’ निकाला जा रहा है. आंदोलनकारी विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने नासिक में 42 दिनों तक धरना दिया. इसके बाद 13 दिनों तक भूख हड़ताल की गई और सात दिनों तक नासिक से मुंबई तक लॉन्ग मार्च निकाला है। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि लंबे समय तक आंदोलन करने और सरकार को अपनी समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है.
महाराष्ट्र में आदिवासी विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर आज ( रविवार, 25 अक्टूबर 2026) को मुंबई के शिवाजी पार्क में आदिवासी GenZ जनआक्रोश मार्च निकाला जा रहा है. प्रशासन और पुलिस से आधिकारिक अनुमति न मिलने के बावजूद सैकड़ों छात्र अपनी मांगों को लेकर इस प्रदर्शन पर अड़े हुए हैं.
विद्यार्थियों ने अपनी मांगें पूरी करने के लिए राज्य सरकार को 25 अक्टूबर तक का समय दिया था समय सीमा समाप्त होने के बाद छात्रों ने मुंबई में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया. प्राप्त जानकारी के मुताबिक आदिवासी विद्यार्थी मुख्य रूप से आदिवासी विकास विभाग के मंत्री डॉ. अशोक उईके, विभाग के आयुक्त और सचिव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शिवाजी पार्क और दादर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. यह मोर्चा मुख्य रूप से नासिक और नंदुरबार जैसे इलाकों से आए आदिवासी विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया है. आदिवासी विद्यार्थी की मांगों में आवासीय स्कूलों तथा छात्रावासों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, वहां हो रही छात्रों की मौत की जांच और छात्रवृत्ति समय पर देने की मांग शामिल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों ने पहले मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन वहां अनुमति नहीं मिलने और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उन्होंने अपनी रणनीति बदली. अब प्रदर्शनकारी रविवार सुबह 11 बजे दादर स्थित शिवाजी पार्क में जुटने का आह्वान कर रहे हैं.

