रतन टाटा के निधन पर देश में शोक की लहर, राजनीतिक हस्तियों ने जताया दुख…

नई दिल्ली। देश के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन से देश में शोक की लहर है। बुधवार देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उम्र जनित बीमारियों की वजह से वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री समेत तमाम राजनीतिक हस्तियों ने शोक जताया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि रतन टाटा एक दूरदर्शी कारोबारी नेता थे। एक दयालु आत्मा और असाधारण इंसान थे। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि रतन टाटा ने अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने कई लोगों के बीच अपनी जगह बनाई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘दिग्गज उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी, रतन टाटा जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने निःस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब भी मैं उनसे मिला, भारत और उसके लोगों की बेहतरी के लिए उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने मुझे चकित किया। हमारे देश और उसके लोगों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनों को जन्म दिया। समय रतन टाटा जी को उनके प्यारे देश से दूर नहीं कर सकता। वह हमारे दिलों में जीवित रहेंगे।”

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि रतन टाटा दूरदृष्टि वाले व्यक्ति थे। उन्होंने व्यापार और परोपकार दोनों पर अमिट छाप छोड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!