रेलवे कर्मचारी 500 रुपये लेकर बनाता था तत्काल टिकट, व्हाट्सएप चैट से हुआ भंडाफोड़

बिलासपुर। तत्काल रेल टिकटों की कालाबाजारी का खेल अब रेलवे के भीतर तक पहुंच गया है। यात्रियों से प्रति टिकट 500 रुपये अतिरिक्त लेकर तत्काल आरक्षण कराने वाले रेलवे कर्मचारी को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। चांपा पोस्ट की जांच में कर्मचारी और टिकट दलाल के बीच कमीशन का गठजोड़ सामने आया। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर टिकटों का सौदा होता था।

बाराद्वार स्टेशन पर निगरानी के बाद दलाल धराया

जानकारी के मुताबिक निरीक्षक पी. तिवारी और पोस्ट चांपा तथा अपराध शाखा मुख्यालय के अधिकारियों ने मुखबिर की सूचना पर बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में निगरानी की थी। गुरुवार की शाम 4:50 बजे संदिग्ध रामकुमार वर्मा (56), निवासी राजापारा वार्ड नं. 03, शक्ति को पकड़ा गया। उसके पास से तीन तत्काल आरक्षित टिकट मिले, जिनके पीएनआर 6312463109, 6840871224 और 6212468012 थे। इनकी कुल कीमत 9,170 रुपये थी।

500 रुपये लेकर टिकट बनाता था कर्मचारी

पूछताछ में उसने सक्ती बुकिंग कार्यालय के रेलवे कर्मचारी के. शंकर राव के माध्यम से टिकट बनवाना स्वीकार किया। जांच के दौरान 18 नवंबर को एमटीएस के. शंकर राव, निवासी रेलवे क्वार्टर नं. 10/04, रेलवे कालोनी, सक्ती को समन पर बुलाया गया।

पूछताछ में उसने यात्रियों से प्रति व्यक्ति 500 रुपये लेने और रामकुमार को प्रति टिकट 100 से 200 रुपये कमीशन देने की बात स्वीकार की। आरपीएफ ने मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट के साक्ष्य जब्त कर दोनों की मिलीभगत की पुष्टि के बाद शंकर राव को गिरफ्तार किया। बाद में उचित जमानतदार प्रस्तुत करने पर उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

व्हाट्सएप बना टिकटों के अवैध कारोबार की कड़ी

जांच में सामने आया कि टिकट बनवाने के लिए यात्रियों का नाम, उम्र, यात्रा की तारीख और ट्रेन नंबर व्हाट्सएप पर भेजे जाते थे। इसी डिजिटल संवाद के आधार पर आरक्षण कराया जाता था। आरपीएफ ने के. शंकर राव के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया। चैटिंग का प्रिंटआउट निकालकर केस डायरी में साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!