एकतरफा प्यार का अंजाम: गोली कांड का शातिर आरोपी गिरफ्तार, युवती के पिता पर की थी फायरिंग

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में युवती के पिता पर गोली चलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना में फरार चल रहे शातिर आरोपी को बालको पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

मामला 19 फरवरी का है, जब बालको थाना इलाके के दोन्द्रों संगम नगर में प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के पिता पर गोली चलाई गई थी। गनीमत रही कि गोली युवक के पिता को नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बालको निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए गए थे, लेकिन वारदात की साजिश रचने और देशी कट्टा उपलब्ध कराने वाला आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

बालको थाना प्रभारी ने टीम के साथ इलाके में घेराबंदी कर मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!